इस सप्ताह हो सकता है मंत्रिमंडल का गठन, सिंधिया समर्थकों के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता भी होंगे शामिल।

भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हालांकि मंत्रिमंडल गठन के बारे में कुछ बता नहीं रहे हैं लेकिन यह माना जा रहा है कि इस सप्ताह मंत्रिमंडल का गठन हो सकता है। वर्तमान सरकार में मुख्यमंत्री अकेले वन मैन आर्मी की तरह प्रदेश चला रहे हैं। कांग्रेस कई बार उन पर आरोप लगा चुकी  है उनके पास ना गृह मंत्री हैं और ना स्वास्थ्य मंत्री। ऐसे में कोरोना संकट से निपटने में वह अकेले पूरी तरह लगे हुए हैं । यह बात सही है कि मुख्यमंत्री की इस समय सर्वोच्च प्राथमिकता कोरोना संक्रमण की जंग से लड़ना है। लेकिन अगर सूत्रों की माने तो, इसके बावजूद भी कई तरह के दबाव को देखते हुए उन्होंने अब मंत्रिमंडल गठन का मन बना लिया है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि सीएम शिवराज15 अप्रैल से गेहूं उपार्जन की घोषणा भी कर चुके हैं। इसके लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रियता की जरूरत है। इसके साथ ही कोरोना संकट से निपटने के लिए नए मंत्रियों को ज्यादा प्रभावित जिलों की कमान दी जा सकती है।
राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं पर अगर भरोसा किया जाए तो सिंधिया समर्थक 10 नेताओं, जिनमें पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक शामिल हैं, को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। इसके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नाम भी लगभग तय माने जा रहे हैं।  मंत्रिमंडल गठन को लेकर इन नेताओं के नाम चर्चा में है:
गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र शुक्ला, यशोधरा राजे सिंधिया, संजय पाठक, रामपाल सिंह, जालम सिंह पटेल, पारस जैन, विजय शाह, विश्वास सारंग, अरविंद भदौरिया, हरिशंकर खटीक, अजय विश्नोई ,केदारनाथ शुक्ला, गौरीशंकर बिसेन, जगदीश देवड़ा।सिंधिया कैंप से इन नेताओं के नाम चर्चा में हैं :
तुलसीराम सिलावट, महेंद्र सिंह सिसोदिया, गोविंद सिंह राजपूत, प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, प्रभु राम चौधरी, राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, बिसाहू लाल सिंह, ऐदल सिंह कंसाना, हरदीप सिंह डंग
बीजेपी सूत्रों की मानें तो सीताशरण शर्मा का नाम विधानसभा अध्यक्ष के लिए लगभग फाइनल हो चुका है।
सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि क्या मुख्यमंत्री दो उप मुख्यमंत्री बनाएंगे। इसकी संभावना फिलहाल कम ही दिखाई दे रही है लेकिन फिर भी भाजपा से नरोत्तम मिश्रा और सिंधिया कैंप से तुलसीराम सिलावट उप मुख्यमंत्री की दौड़ में आगे हैं।