झारखंड का चुनाव परिणाम भाजपा की विभाजनकारी राजनीति के विरूद्ध देश की जनता का ‘‘लघु जनमत संग्रह

 


मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता राजकुमार केलू उपाध्याय ने झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-झामुमो गठबंधन की विजय पर हर्ष जाहिर करते हुए, इसे भाजपा व आरएसएस की विभाजनकारी राजनीति के विरूद्ध देश की जनता का ''लघु जनमत संग्रह'' बताते हुए कहा है कि देश की जनता को वास्तविक मुद्दों से भटका कर, उसे लड़वाने का षड्यंत्र करने वाले अब बेनकाब हो चुके हैं।
आज जारी अपने वक्तव्य में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता केलू उपाध्याय ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस-झामुमो और राजद के गठबंधन को मिली जीत स्पष्ट रूप से इस बात की ओर इंगित करती है कि विभाजनकारी राजनीति के दिन अब लद चुके हैं और देश की जनता अब वास्तविक मुद्दों से भटकने वाली नहीं है। जनता जानती है कि नोटबंदी और जीएसटी जैसे घातक हथियारों से देश की जनता को लहुलुहान करने वाली भाजपा, अब देश का ध्यान बेरोजगारी, गरीबी, अशिक्षा, स्वास्थ्य और विकास आदि से हटाने के लिए सीएए और एनआरसी जैसे मुद्दे उछाल कर ध्रुवीकरण करने में संलग्न है, जिससे उसके हितों की पूर्ति होती रहे।
अपने बयान में केलू उपाध्याय ने कहा कि झारखंड का ताजा परिणाम देश की दूषित विभाजनकारी राजनीति के बीच झारखंड से बही वह ताजा बयार है, जिसे देश की जनता शिद्दत से महसूस करना चाहती है।


      *जारीकर्ता*


राजकुमार केलू उपाध्याय
           प्रवक्ता
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी